फुटपाथ पर अतिक्रमण से आना जाना दुश्वार
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। शहर के प्रमुख मार्गों के फुटपाथों पर अतिक्रमण कर दुकान सजा दिए गए हैं। इससे आवागमन करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सक्सेना चौक के आसपास दुकानों के सामने फुटपाथ पर बेतरतीब ढंग से गाड़ियां खड़ी रहती हैं। दोपहर के वक्त तो नगर में अक्सर जाम लग जाता है। डाकघर वाली गली में तो लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। मऊपाकड़ मोहल्ले में सड़क के किनारे ज्यादा अतिक्रमण है। यही हाल शहर के अन्य क्षेत्रों का है। अतिक्रमण हटाने के प्रति नगर पालिका प्रशासन भी गंभीर नहीं है।
नगर में फुटपाथ पर पैदल चल पाना भी दुश्वार हो गया है। यही कारण है कि प्रमुख मार्गों पर आए दिन जाम लग जाता है। खासकर जब स्कूल में बच्चों की छुट्टी होती है तो जाम में स्कूली बसें फंस जाती हैं। सक्सेना चौक से लेकर पीजी कॉलेज तक जाम की स्थिति बनी रहती है। बस स्टेशन के सामने सवारी बैठाने के चक्कर में प्राइवेट वाहन चालक सड़क के किनारे वाहन बेतरतीब ढंग से खड़ी कर देते हैं। जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी होती है। अतिक्रमण हटवाने की कई बार कोशिश तो हुई लेकिन यह प्रयास कारगर नहीं हुआ। लोहिया नगर मोहल्ले के रहने वाले गणेश श्रीवास्तव कहते हैं कि शहर में बाईपास नहीं होने से जाम की स्थिति बनी रहती है। साथ ही फुटपाथ पर अतिक्रमण कर लिया गया है। तमाम दुकानदार दुकानों के आगे फुटपाथ पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लेते हैं। फुटपाथ पर ठेले व खोमचे वाले भी अतिक्रमण किए रहते हैं। इसके चलते सामान खरीदने के दौरान चालक वाहन सड़कों पर ही खड़ी कर देते हैं। जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
उधर, अतिक्रमण के प्रति नगर पालिका प्रशासन की ओर से कोई कारगर पहल नहीं की जा रही है। समाजसेवी दिलीप शुक्ला कहते हैं कि लोगों में जागरूकता कमी है। यह तो लोगों को विचार करना ही चाहिए कि फुटपाथ पर अतिक्रमण न करें। फुटपाथ लोगों के आने जाने के लिए होता है। यहां तो सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया जाता है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी वीरेंद्र राव ने बताया कि शहर में समय समय पर अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाए जाते हैं। नगर में कहीं सड़क पर अतिक्रमण होगा तो चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी। उधर, यातायात निरीक्षक बरजोर सिंह का कहना है कि यातायात माह में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाती है। जल्द ही फिर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।