महराजगंज। शुक्रवार से खाद्य विभाग का वेबसाइट खुल जाएगी। समर्थन मूल्य योजना के तहत गेहूं तौल कराने के इच्छुक नए किसान अपना पंजीकरण करा सकते हैं। बीते वर्ष धान व गेहूं की तौल कराने वाले किसानों को पंजीकरण कराने की जरुरत नहीं हैं। उन्हें तौल के लिए केवल पुराना पंजीकरण प्रमाण पत्र साथ ले जाना होगा।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पहली अप्रैल से समर्थन मूल्य योजना के तहत गेहूं की खरीद शुरु की जाएगी। इसके लिए शासन ने गेहूं का समर्थन मूल्य 1735 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित कर दिया है। वहीं पर गेहूं खरीद के लिए आठ क्रय एजेंसियों को जिम्मेदारी दी गई। क्रय एजेंसियों में खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, कर्मचारी कल्याण निगम, नेफेड, यूपी एग्रो तथा एनसीसीएफ आदि शामिल हैं। डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पंजीकरण कराने में किसानों को अपने साथ बैंक पास बुक की छाया प्रति, खतौनी की छाया प्रति तथा आधार कार्ड अथवा अन्य कोई पहचान पत्र लाना होगा।