महराजगंज। भाजपा किसान मोर्चा की बैठक में मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष बद्री प्रसाद यादव ने कहा कि पार्टी मानती है कि किसान तरक्की करेगा तो देश भी तरक्की करेगा। देश की अर्थ व्यवस्था में किसानों की अहम भूमिका है। किसानों को अपने पैरों पर खड़ा करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड के साथ जनधन खाता खुलवाया। प्रधान मंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों के जीवन स्तर ऊंचा उठाने का कार्य कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ल ने कहा कि किसानों के हितों की चिंता करने वाली सरकार केंद्र व प्रदेश में चल रही है। जिले में ओलावृष्टि से नुकसान की भरपाई एक माह के अंदर ही कर दी गई। जबकि पूर्व की गैरभाजपा सरकारें किसानों के नुकसान की भरपाई में आना कानी करती थी। ऊंट के मुंह में जीरे के समान राहत राशि चिन्हित लोगों को ही मिलती थी। अध्यक्षता किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष वीरेंद्र चौहान ने की। संचालन जिला महामंत्री राधेरमण शुक्ल ने किया। जिला महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी, किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय, चंद्रभान पांडेय मंडल अध्यक्ष, जिला विस्तारक आनंद सिंह, जिला मंत्री संजय वर्मा आदि मौजूद रहे।