महराजगंज। जिले के सभी विकास खंडों में विभिन्न योजनाओं के तहत किए गए विकास कार्यों का सोशल आडिट हो रहा है। यह ऑडिट महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं, और राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (एनएसएपी) के तहत संचालित योजनाओं पर केंद्रित है।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को सोशल ऑडिट को सुचारु रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, ग्राम पंचायतों को मनरेगा के तहत किए गए कार्यों का विवरण प्रपत्र (बी) और (सी) पर और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का विवरण प्रपत्र (ए) पर जिला विकास अधिकारी के कार्यालय में उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त मनरेगा के सात रजिस्टरों जॉबकार्ड, ग्राम सभा कार्यवृत्त, काम की मांग, कार्य आवंटन, मजदूरी भुगतान, शिकायत, कार्य, और स्थाई परिसंपत्ति रजिस्टर की सत्यापित प्रतियां और संबंधित अभिलेख सोशल ऑडिट टीम को उपलब्ध कराए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और अन्य योजनाओं के लाभार्थी विवरण भी जिला विकास अधिकारी द्वारा ग्राम पंचायतवार ऑडिट टीमों को प्रदान किए जाएंगे। सोशल ऑडिट की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ऑडिट कैलेंडर की प्रतियां सभी विकास खंड कार्यालयों और जिला मुख्यालय पर चस्पा की गई हैं।