सोनौली। नेपाल बॉर्डर पर ट्रकों की कटिंग की शिकायत पर सोनौली पहुंचे क्षेत्राधिकारी नौतनवा ने 10 वाहनों को कब्जे में ले लिया। बताया गया कि शनिवार की बन्दी के बाद रविवार को खुले भैरहवा भन्सार के लिए नेपाल जाने वाले वाहनों का सीमा पर करीब 6 किलोमीटर तक जाम लग गया था और चालक नेपाल जाने के लिए कतार से निकलकर विपरीत दिशा से जाने लगे।
रविवार की शाम ट्रक चालकों के लाइन तोड़कर विपरीत दिशा से नेपाल जाने के कारण कस्बे में जाम लग गया। सूचना पर पहुंचे क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम ने मौके पर 10 वाहनों के कागजात और ट्रक की चाभी लेकर वाहनों को कब्जे में ले लिया। कुछ चालकों ने सोनौली में बने पार्किंग में वाहन रोक दिए। पार्किंग में खड़े पांच ट्रकों के ड्राइवरों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया गया। इसके अलावा लगभग दर्जनभर ड्राइवरों को कड़ी हिदायत भी दी गई। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि 10 वाहनों में से 4 का चालान किया गया है। अन्य वाहनों के कागजात की जांच की जा रही है।