जिला पंचायत की जमीन पर जमी हैं दबंगों की लाठी
- फोटो : demo
ललितपुर। जिला पंचायत की करोड़ों रुपये कीमत वाली जमीन पर ग्रामीण क्षेत्रों में दबंग कब्जा किए हुए हैं। विभाग का ही एक कर्मचारी इन दबंगों से साठगांठ करके जमीन पर कब्जा करा रहा है। इन भूमियों पर कब्जे की जानकारी प्रशासन को है, लेकिन वह इसके प्रति गंभीर नहीं है।
ग्राम पनारी में जिला पंचायत की 7,176 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कब्जा है। ग्राम बानपुर में 7,233 वर्ग मीटर जमीन पर दबंग कब्जा किए हैं। पोस्टमार्टम हाउस के पास 4,493 वर्ग मीटर जमीन पर अवैध कब्जा है। ग्राम पनारी में स्थित जमीन पर कुछ विभागीय कर्मियों की मिलीभगत से कब्जा हुआ है। वर्तमान में भी खाली जमीन पर लगातार कब्जे हो रहे हैं, इस पर जिला पंचायत की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। सालों से लगातार हो रहे कब्जों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से अतिक्रमणकारियों ने कच्चे व पक्के भवन निर्माण कर लिए हैं। साथ ही कई अतिक्रमणकारियों ने कोर्ट में भी केस कर दिया है। कोर्ट में मामला जाने के बाद कई जगहों पर जिला पंचायत कार्रवाई करने में अक्षम है, लेकिन अपनी जमीन को वापस पाने के लिए जिला पंचायत की ओर से कोई ठोस पहल अभी तक नहीं की गई है।
कोतवाल आवास को लेकर असमंजस
शहर के बीचोंबीच स्थित पुराने कोतवाल आवास को लेकर भी पुलिस विभाग व जिला पंचायत विभाग के बीच मामला फंसा हुआ है। जिला पंचायत के भवन को पहले सदर कोतवाल आवास के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था, लेकिन नई कोतवाली बनने के बाद कोतवाली परिसर में ही कोतवाल आवास बन गया। लेकिन पुरानी इमारत से पुलिस विभाग ने अपना कब्जा नहीं छोड़ा। जहां जिला पंचायत इस पर अपना हक जता रहा है, तो पुलिस विभाग इस संपत्ति को अपनी बताता है। तत्कालीन जिलाधिकारी जुहैर बिन सगीर के समय इस विवाद को सुलझाने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। एसडीएम कोर्ट में जिला पंचायत पुराना कोतवाल आवास का मामला जीत चुकी थी, लेकिन पुलिस विभाग ने सिविल कोर्ट में फैसले को चुनौती दी है।
जिला पंचायत की जमीन से अवैध कब्जाधारियों को हटाने के लिए को लेकर शासन से कई बार पत्राचार हो चुका है। शासन से निर्देश प्राप्त होते ही अतिक्रमण हटवा दिया जाएगा।
सरिता यादव जिला पंचायत अध्यक्ष