संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। थाना सौजना क्षेत्र के ग्राम गुंजौरा में बृहस्पतिवार रात भूसा बनाने के दौरान एक युवक मशीन में गिरकर उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जनपद पीलीभीत के थाना पूरनपुर क्षेत्र के कबीरगंज सरदार निवासी कुलविंदर (26) पुत्र दलजीत सिंह कुछ दिन पहले ट्रैक्टर और भूसा बनाने वाली रीपर मशीन के साथ ललितपुर आया था। वह सौजना क्षेत्र में गेहूं की कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेष से भूसा बनाने का काम कर रहा था।
बृहस्पतिवार रात ग्राम गुंजौरा में एक खेत पर काम करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती रीपर मशीन में गिरकर फंस गया।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मशीन बंद कर उसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दे दी है जो पीलीभीत से रवाना हो चुके हैं।