ललितपुर। घर के अंदर बुधवार की शाम को 20 वर्षीय नैनसी निवासी ग्राम रनगांव थाना मड़ावरा फंदे पर लटकती मिली। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या बताया।
परिजनों ने बताया कि बुधवार की शाम को नैंनसी घर के अंदर थी। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं निकली तो परिजनों ने उसे आवाज दी। लेकिन दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद परिजन रोशनदान के रास्ते घर में प्रवेश किया। अंदर नैन्सी फंदे पर लटक रही थी। आनन फानन उसे फंदे से नीचे उतारा और 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मड़ावरा ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसके शरीर का परीक्षण करने के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक थाना मड़ावरा बृजेश बहादुर सिंह पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे। मायके पक्ष को घटना की जानकारी मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। वहीं फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। बताया गया है कि नैनसी ने करीब डेढ़ वर्ष पूर्व अपनी बड़ी बहन के देवर से प्रेम विवाह किया था। उसकी आठ माह की एक पुत्री है। परिजनों ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया। सीओ मड़ावरा आलोक अग्रहरि ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।