ललितपुर। घर के बाहर खड़े महुआ के पेड़ से रस्सी के फंदे पर थाना जखोरा के ग्राम मैनवारा निवासी 40 वर्षीय सुरेश का शव लटकता हुआ सोमवार की सुबह मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। भाई ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया।
मृतक के भाई सोबरन ने बताया कि उसका भाई सुरेश खेत पर बने मकान में अपनी पत्नी नन्नी व पुत्री राधिका के साथ रहता था। रविवार की रात को सुरेश ने खाना खाया और पत्नी व पुत्री के साथ कमरे में सो गया था। सोमवार की सुबह करीब चार बजे वह सोकर उठा और अपनी पत्नी नन्नी से शौचक्रिया को जाने की बात कहकर घर से निकल गया। काफी देर तक जब वह लौटकर नहीं आया तो पत्नी नन्नी घर के बाहर निकली। यहां घर के बाहर खेत में लगे महुआ के पेड़ से रस्सी के फंदे पर सुरेश का शव लटक रहा था। घटना की सूचना उसने अन्य परिजनों को दी तो वह मौके पर पहुंच गए थे। सूचना पर जखौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की। मृतक के भाई ने अज्ञात कारण के चलते आत्महत्या करना बताया। मृतक चार भाई-एक बहन में दूसरे नंबर का था और उसके एक पुत्री है। सीओ सदर अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।