परिजनों ने मौत का कारण बताया अज्ञात, जनपद गोंडा का था मूल निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार की रात को अचेतावस्था में लाए गए युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान जनपद गोंडा के ग्राम नारायनपुर निवासी भूपेंद्र सिंह के रूप में हुई। वह महाराष्ट्र से घर जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। परिजनों ने मौत का कारण अज्ञात बताया है।
मृतक के भतीजे नितिन सिंह ने बताया कि उसका चाचा भूपेंद्र सिंह महाराष्ट्र में काम करता था। सोमवार को वह ट्रेन में सवार होकर घर के लिए निकला था। कुछ दूरी तक तो भूपेंद्र से घरवालों की फोन पर बातचीत होती रही। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। परिजनों ने कई बार फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इस बीच मंगलवार की रात को उसके थाना तरबगंज पुलिस ने उनके गांव के प्रधान को कॉल किया और ललितपुर मेडिकल कॉलेज में भूपेंद्र की मौत होने की बात बताई।
मृतक की तलाशी में मिले कागज और मोबाइल फोन के जरिये थाना पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। मृतक तीन भाई एक बहन में छोटा था और अविवाहित था। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अनुराग अवस्थी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।