संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अहमदाबाद मजदूरी करने को जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचे 18 वर्षीय राजाबाबू निवासी ग्राम बसतगुवा थाना बार की रविवार की देर रात पटरी क्रॉस करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जीआरपी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की।
परिजन ने बताया कि राजाबाबू रविवार की शाम को अपने दो दोस्तों के साथ गुजरात के अहमदाबाद मजदूरी करने जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। यहां वह दोस्तों के साथ प्लेटफार्म दो-तीन पर ट्रेन का इंतजार करने लगे। रात करीब 11-12 बजे राजाबाबू रेल पटरी क्रॉस कर रहा था। तभी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आकर राजाबाबू गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी होने पर जीआरपी पुलिस व रेलवे कर्मी मौके पर पहुंचे, तब तक घायल राजाबाबू ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी तो वह मौके पर पहुंचे। मृतक दो भाई-दो बहनों में छोटा था।
जीआरपी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जीआरपी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।