संवाद न्यूज एजेंसी
बिरधा/ललितपुर। हाईटेंशन करंट की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वह गांव में खंभे पर चढ़कर बिजली सुधार कर रहा था। अचानक बिजली चालू हो गई, इससे युवक को करंट लगा और वह खंभे से गिर गया था। परिजनों ने संबंधित ठेकेदार व सजनाम फीडर के लाइनमैनों पर जान बूझकर लाइट चालू करने के आरोप लगाए हैं।
थाना नाराहट अंतर्गत ग्राम सतोरा निवासी ब्रजनंदन राजपूत (27) के परिजनों ने बताया कि ब्रजनंदन मजदूरी करता था। सजनाम फीडर पर नई एचटी लाइन का काम कराया जा रहा है, जिसमें ब्रजनंदन दैनिक मजदूरी करता था। रविवार को ठेकेदार दोपहर करीब 12 बजे ब्रजनंदन को घर से काम कराने के लिए ले गया। ब्रजनंदन गांव के गुबंदी अहिरवार के घर के सामने लगे खंभे पर काम कर रहा था। शटडाउन होने के बाद भी अचानक बिजली आ गई, जिससे ब्रजनंदन को हाईटेंशन करंट लगा और वह झुलसकर खंभे से गिर गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गांव के लोग एकत्रित हो गए। मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर का था और उसके एक पुत्र व एक पुत्री है। थाना नाराहट प्रभारी निरीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि जांच कराई जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।