ललितपुर। घर के अंदर कमरे में युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने इलाइट चौराहा पर सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप था कि चंदेरा पर स्थित जमीन विवाद से तनाव में आकर आत्महत्या की है। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया। तब यातायात सुचारू हुआ।
शहर के रामनगर मोहल्ला निवासी राजेश राठौर (45) पुत्र रूपनारायण का शव बृहस्पतिवार देर रात अपने कमरे में पंखे के कुंदे पर लटकता मिला। भतीजे रितिक राठौर के मुताबिक चंदेरा में एक जमीन के विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन चल रहा है। यह मामला कई सालों से चल रहा है। इसको लेकर उसके चाचा राजेश काफी परेशान और तनाव में थे। बृहस्पतिवार रात को वो कमरे में सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे जब राजेश की पत्नी पुष्पा की नींद खुली तो उसने पति को फंदे पर मृतावस्था में लटका पाया। चीखपुकार सुनकर अन्य परिजन और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार शाम को पोस्टमार्टम होने के बाद मृतक के परिजन सहित कई लोग अर्थी पर शव लेकर इलाइट चौराहा पहुंचे और बीच सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन करने लगे। इससे वहां पर काफी भीड़ इकट्ठा हो गई। दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। इधर, शव रखकर प्रदर्शन करने की सूचना मिलने पर एसडीएम सदर चंद्रभूषण प्रताप सिंह और सीओ सदर अभय नारायण राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया लेकिन वह किसी बात को मानने के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने सड़क पर रखे शव को एक किनारे किया और यातायात को सुचारू किया। इसके बाद एसडीएम और सीओ ने आक्रोशित परिजनों से बातचीत की। जमीन संबंधी मामला होने के कारण दोनों अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया। काफी मान-मनोव्वल होने के बाद परिजन शांत हुए और शव का अंतिम संस्कार करने को चले गए।
चंदेरा स्थित जमीन को लेकर कोर्ट में चल रहा वाद
राजेश राठौर की औद्योगिक आस्थान चंदेरा से सटी हुई जमीन थी। राजेश के पिता की मौत के बाद वर्ष 2001 में कागजों में हेरफेर करके कुछ लोगों ने उक्त बेशकीमती जमीन पर कब्जा कर लिया था। ये मामला न्यायालय में तभी से विचाराधीन है। राजेश के परिजनों के मुताबिक जमीन पर कब्जा करने वाले रसूखदार लोग हैं और न्यायालय में भी 23 साल इस मामले को गुजर जाने के कारण राजेश तनाव में चल रहा था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आना अभी बाकी है। परिजनों द्वारा शव को रखकर प्रदर्शन किया गया था। उन्हें समझाया बुझाया गया और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद वह शव को अंतिम संस्कार कराने के लिए ले गए। परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। - अभय नारायण राय, सीओ सदर