ललितपुर। फर्जी चिटफंड कंपनी खोलकर युवक को 3.80 लाख जमा करके तीन साल में 3.40 करोड़ रुपये मिलने का झांसा देकर रुपये हड़प लिए। इस मामले में पुलिस ने सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शहर के मोहल्ला झांसीपुरा हाल वसुंधरा कॉलोनी निवासी शैलेंद्र कुमार ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि वह कनिष्ठ सहायक के पद पर सिंचाई विभाग में कार्यरत है। कुछ समय पहले नरेंद्र कुमार साहू निवासी सरस्वती शिशु मंदिर के पास आजादपुरा हाल जुगपुरा नेहरू नगर देवगढ़ मार्ग के पास, विक्रम पटेल निवासी जुगपुरा नेहरू नगर, सौरभ खरे निवासी नेहरू नगर, विनोद साहू निवासी महरौनी, अरविंद साहू निवासी गांधीनगर, रविंद्र और बालमुकुंद तिवारी निवासी टीकमगढ़ मध्य प्रदेश ने अपने अन्य अज्ञात साथियों के साथ मिलकर आर्थिक लाभ पाने के लिए संगठित गिरोह बनाया। इसके लिए आरोपियों ने षडयंत्र कर धोखाधड़ी कर एक ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम फर्जी कंपनी बनाई। इसमें 2800 रुपये से ज्वाइनिंग करवाई। आरोपियों ने उसे बताया कि 3.80 लाख रुपये लगाने पर उन्हें तीन साल बाद 3.40 करोड़ रुपये मिलेंगे।। जब उसे पता चला कि नरेंद्र साहू, विक्रम पटेल और अन्य लोगों द्वारा बनाई गई कंपनी फर्जी है तो उसने आरोपियों से बात की। नरेंद्र साहू, विक्रम पटेल, सौरभ खरे, विनोद साहू ने आकर उसके साथ गाली-गलौज की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ सदर अभय नारायण ने बताया कि मुकदमा में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।