संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस भर्ती परीक्षा में मार्कशीट में कम आयु दिखाकर परीक्षा देने पहुंचे युवक को परीक्षा केंद्र के बाहर पकड़ लिया गया। पुलिस की पूछताछ में उसने हेराफेरी की बात भी स्वीकार कर ली। हालांकि फार्म आठ भरवाकर उसे परीक्षा देने दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक अवधेश यादव, घाटमपुर कानपुर देहात का रहने वाला है।
सुबह की पाली में पीएन इंटर कॉलेज में एक परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचा। गेट पर दस्तावेजों की चेकिंग के दौरान अधिकारियों को उसकी उम्र को लेकर शक हुआ। अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सीओ सदर अभय नारायण राय ने आरोपी अवधेश यादव को हिरासत में ले लिया। इसके बाद युवक की मार्कशीट की जांच की गई तो पता चला कि उसने हेराफेरी करके कम आयु लिखाई। फिर पुलिस ने उससे फार्म आठ भरवाकर परीक्षा दिलवाई। पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि युवक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की जा रही है।