संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला विकास अधिकारी केएन पांडेय ने विकास खंड बार में बिना टैक्सी परमिट के तीन वाहनों को जांच के दौरान पकड़ा है। बिना जीएसटी नंबर फर्म के नाम पर इनका भुगतान किया जा रहा था। उन्होंने एआरटीओ को पत्र लिखकर टैक्स चोरी का ब्योरा मांगा है।
विकास खंड बार में मनरेगा अंतर्गत शासकीय कार्य के लिए एक वाहन का अनुबंध किया गया। जिला विकास अधिकारी की जांच में पाया गया कि जिन मालिकों के वाहनों को लगाया गया, उनके नाम पर कोई फर्म है न ही वाहन टैक्सी परमिट। जिला विकास अधिकारी ने सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी को पत्र लिखकर उक्त वाहनों का ब्योरा मांगा है। साथ ही उन्होंने अनुबंध तिथि 18 जून 2024 से शासकीय क्षति का ब्योरा मांगा है, जिससे दोषी अधिकारी से वसूली निर्धारित की जा सके।
जिला विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्य विकास अधिकारी के आदेश पर जांच की थी। बिना टैक्सी परमिट वाहनों का भुगतान पाया गया। एआरटीओ के आकलन रिपोर्ट के बाद दोषी अधिकारी के खिलाफ रिकवरी निर्धारित की जाएगी।