ललितपुर। पुणे से जिला महाराजगंज स्थित अपने घर लौट रहे एक मजदूर की ट्रेन में हालत बिगड़ने से मौत हो गई। जीआरपी ने शव को ट्रेन से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों को जानकारी दी।
महाराजगंज निवासी अवधेश साहनी (37) पुत्र रामसूरत बृहस्पतिवार को पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन से अपने घर जा रहा था। ललितपुर स्टेशन आने से पहले अचानक हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई। इसकी जानकारी कोच के टीसी ने ललितपुर जीआरपी को दी, जिस पर जीआरपी ने ट्रेन के ललितपुर रुकने पर मृतक को ट्रेन से उतारा और उसके पास मिले आधार कार्ड व अन्य दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के रिश्तेदार गोरखपुर निवासी महेश निषाद ने बताया कि अवधेश पुणे में मजदूरी का काम करता था और वह काफी दिनों के बाद घर लौट रहा था। मृतक के दो बेटे हैं।