संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नगर पालिका के निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूरा करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यह बात नगर पालिकाध्यक्ष सोनाली जैन ने शहर में कराए जा रहे सड़क व अन्य विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान कही।
बृहस्पतिवार को पालिकाध्यक्ष ने शहर के रामनगर स्थित बूढ़े बाबा मंदिर के पास ब्याना नाला पुल पर बन रही सड़क का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार व अवर अभियंता खुशबू को बुलाकर लगाई जा रही सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने घुसयाना से होकर पिसनारी मार्ग पर बनाए जा रहे संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। अंत में मोहल्ला सिविल लाइन बाबा सदनशाह मजार के पास कोटा स्टोन पाथवे का निरीक्षण किया। इस दौरान मुन्नालाल जैन, सभासद मुस्तफा खां, अवर अभियंता खुशबू खान, कर अधीक्षक राजेश कुमार जैन, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।