- सोलह लाख की लागत से की जा रही विद्युत लाइनें शिफ्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। शहजाद नदी के पुल के नवनिर्माण के लिए बिजली विभाग ने पुल के दोनों ओर से निकली हाईटेंशन लाइनों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। विभाग द्वारा अब यह लाइन दूसरी जगह से निकालकर उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति कराई जाएगी।
अंग्रेजी शासन काल में शहर के बीचों-बीच बने पुल के स्थान पर अब यहां सेतु निगम द्वारा नए पुल का निर्माण किया जाना है। इसके लिए सेतु निगम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं, सेतु निगम के पत्राचार पर बिजली विभाग द्वारा इस पुल के मध्य और दोनों ओर से निकली लाइनों को शिफ्ट करने के लिए लगभग सोलह लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया था। अब बिजली विभाग ने इसके लिए पुलिस के मध्य से निकली हाईटेंशन और लो-टेंशन लाइनें हटाने का काम शुरू कर दिया है। शनिवार को बिजली कर्मचारियों ने शहजाद नदी के पुल के दोनों छोर पर दोनों ओर के खंभों पर लगी हाईटेंशन लाइनों के तारों को काटकर हटाने का काम शुरू किया। वहीं, पुल के दूसरी ओर नदीपुरा से कैलगुवां तिराहा की ओर भी विद्युत लाइनों को काटकर हटाने का काम किया गया। इससे अब पुल निर्माण में बाधा बन रही लाइनों व खंभों को जल्द ही पूरी तरह से हटा दिया जाएगा। इसके बाद उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति सुचारू करने के लिए दूसरी ओर की विद्युत लाइन को बिछाते हुए बिजली आपूर्ति सुचारू की जाएगी।
शहजाद नदी के पुल के मध्य एवं दोनों ओर की निर्धारित क्षेत्र की विद्युत लाइनों को हटाने का काम शुरू कर दिया है। जल्द ही लाइन को शिफ्ट कर दिया जाएगा।
-वीरभद्र सत्यार्थी, अधीक्षण अभियंता, विद्युत।