- संदेहजनक गतिविधि की स्थिति होने और शिकायत को महिलाएं सीधे इन नंबरों पर कर सकेंगी संपर्क
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महिलाओं तक अब त्वरित सहायता पहुंचेगी। इसके लिए थाने-कोतवाली में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों के लिए एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने सीयूजी नंबर उपलब्ध कराया है। इससे महिलाएं किसी भी आपात स्थिति में होने पर इन पर संपर्क कर सकेंगी।
महिलाओं की सुरक्षा को जनपद पुलिस ने प्राथमिकता पर रखते हुए उनके सम्मान एवं त्वरित सहायता के लिए जनपद के सभी स्थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किया हुआ है। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी भी बनाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक मोहम्म्द मुश्ताक ने बताया कि प्रत्येक मिशन शक्ति केंद्र प्रभारी को सीयूजी नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। जिससे किसी भी आपात स्थिति, अपराध, छेड़छाड़, उत्पीड़न, हिंसा या संदेहजनक गतिविधि की स्थिति में महिलाएं सीधे संपर्क कर सकेंगी। उन्होंने यह भी बताया कि यदि किसी भी महिला या बालिका के साथ किसी प्रकार की असामाजिक या आपराधिक गतिविधि होती है अथवा कोई भी संदेहजनक व्यक्ति या घटना दिखाई देती है तो वह तत्काल मिशन शक्ति केंद्र के जारी किए गए सीयूजी नंबरों पर सूचना दें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। यह भी कहा कि महिला संबंधी अपराध के पंजीकृत अभियोगों की पीड़िता, वादिया उक्त सीयूजी नंबर पर कॉल करके संबंधित प्रकरण की प्रचलित विवेचनात्मक कार्रवाई के बारे में जानकारी कर सकेगा।
इन थाना-कोतवाली के मिशन शक्ति केंद्रों को मिले सीयूजी नंबर
कोतवाली सदर, थाना जखौरा, थाना जाखलौन, महिला थाना, थाना तालबेहट, थाना बार, थाना पूराकलां, थाना महरौनी, थाना बानपुर, थाना सौजना, थाना मड़ावरा, थाना मदनपुर, थाना गिरार, थाना पाली, थाना नाराहट, थाना बालाबेहट में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र शामिल हैं।
मिशन शक्ति केंद्र प्रभारियों को सीयूजी नंबर उपलब्ध कराए गए हैं। इन अावंटित सीयूजी नंबरों का ज्यादा से ज्यादा प्रचार-प्रसार करने और सभी थानों के बोर्ड पर यह नंबर अंकित किए जाएंगे।
मोहम्मद मुश्ताक, एसपी