नई लाइन से लगातार होगी लोडिंग–अनलोडिंग, रैक को वेटिंग में नहीं खड़ा रहना पड़ेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। न्यू ललितपुर टाउन रेलवे स्टेशन का लगातार विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में मालगोदाम के लिए एक और नई रेल लाइन बनाने का निर्णय लिया गया है। यह लाइन पहले से निर्मित कॉड लाइन से जोड़ी जाएगी और मौजूदा रैक प्वाइंट के दूसरी ओर बिछाई जाएगी। नई लाइन बनने के बाद यहां दो रैक की एक साथ लोडिंग व अनलोडिंग संभव हो सकेगी।
न्यू ललितपुर टाउन रेलवे स्टेशन पर नया मालगोदाम करीब चार माह पहले तैयार हुआ था। इसके बाद सड़क निर्माण का काम पूरा हुआ और करीब पौने तीन माह पूर्व ललितपुर रेलवे स्टेशन के देवगढ़ क्रॉसिंग स्थित पुराना मालगोदाम यहां स्थानांतरित कर दिया गया। लगभग पौने दो माह पहले, 14 अक्तूबर को पहली रैक आने के साथ नए मालगोदाम का औपचारिक शुभारंभ किया गया था। तब से यहां खाद और अन्य सामग्री की रैक नियमित रूप से पहुंच रही हैं।
फिलहाल यहां एक समय में केवल एक ही रैक की लोडिंग या अनलोडिंग हो पाती है। लेकिन मालगोदाम पर बढ़ते दबाव को देखते हुए रेलवे विस्तार की तैयारी में जुट गया है। रेलवे ने रैक प्वाइंट के दूसरी ओर स्थित खाली जगह पर नई लाइन बिछाने का निर्णय लिया है। इस संबंध में ऑपरेटिंग, कमर्शियल, आईओडब्ल्यू, इंजीनियरिंग और टीआरडी इलेक्ट्रिकल विभाग ने संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी है।
नई रेल लाइन दैलवारा से न्यू ललितपुर टाउन स्टेशन तक बनी कॉड लाइन से जोड़ी जाएगी। इसके बन जाने पर मालगोदाम में दो लाइनें हो जाएंगी, जिससे दो रैक की एक साथ लोडिंग–अनलोडिंग संभव होगी। इससे मालगोदाम की क्षमता बढ़ेगी और रेलवे की आय में भी इजाफा होगा।
-
रैक खाली होने का इंतज़ार नहीं, समय की भी होगी बचत
तीन दिन पहले न्यू टाउन रेलवे स्टेशन पर एक खाद्य पदार्थ की रैक अनलोड होने में व्यस्त होने के कारण यूरिया की रैक को अन्य स्टेशनों पर रोकना पड़ा था। दो दिन तक यूरिया रैक नहीं लग सकी। नई लाइन बनने के बाद ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। एक लाइन पर रैक के लोडिंग–अनलोडिंग होने के दौरान पीछे आने वाली रैक को दूसरी लाइन पर लगाकर तुरंत काम शुरू किया जा सकेगा। इससे समय की भी बचत होगी और रैक को घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
न्यू टाउन ललितपुर रेलवे स्टेशन के मालगोदाम रैक प्वाइंट की दूसरी ओर खाली भूमि पर नई लाइन बिछाई जानी है। जल्द ही इस पर काम शुरू होने की संभावना है। यह लाइन दैलवारा से निकली कॉड लाइन से जोड़कर विशेष रूप से मालगोदाम उपयोग के लिए विकसित की जाएगी।
मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी