संवाद न्यूज एजेंसी
पाली (ललितपुर)। तहसील क्षेत्र के ग्राम राजगढ़ की सहरिया समुदाय की महिलाओं ने बुधवार को एसडीएम सैय्यद सानिया को ज्ञापन देकर गांव में कच्ची शराब की बिक्री बंद कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि सारे दिन मेहनत कर जंगल से लकड़ियां बीन कर उन्हें बेचने के बाद जो पैसा मिलता है, उससे बच्चों का भरण पोषण करती हैं। लेकिन, शाम होते ही पति शराब के लिए पैसा छीन लेते हैं और न देने पर पीटते हैं। महिलाओं ने बताया कि गांव में एक व्यक्ति कच्ची शराब बेच रहा है। इस कारण उनके पति और बच्चे शराब के आदी हो गए हैं। अब शराब के लिए वे घर का सामान, राशन और बर्तन तक बेच रहे हैं। युवा पीढ़ी भी नशे की चपेट में आ रही है। इस दौरान प्रधान पार्वती सहरिया, भूरी, सुनीता, रामकलू, मीना, भुना, निखत, सकना, अंगूरी, सखी, पार्वती, कस्तूरी आदि मौजूद रहीं।