कुल्हाड़ी से प्रहार कर जेठ की हत्या
जखौरा (ललितपुर)। थाना जखौरा क्षेत्र के गांव बरौदा स्वामी में रविवार सुबह मानसिक रूप से बीमार महिला ने कुल्हाड़ी और लाठी से सिर पर प्रहार कर जेठ की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी महिला मौके पर ही बैठी रही। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव बरौदास्वामी निवासी केरन (50) पुत्र लक्खी राजपूत शनिवार रात को अपने खेत पर अदरक की फसल की रखवाली के लिए गया था। रात को वह खेत पर ही सो गया। इस दौरान उसके घर के पास ही रहने वाली परिवार की चचेरे भाई की पत्नी दुरोबाई पत्नी शिशुपाल राजपूत खेत पर पहुंची और उसने जेठ केरन पर लाठी और कुल्हाड़ी से सिर पर कई बार प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद महिला वहीं बैठ गई। कुछ देर बाद महिला ने वहां से निकल रहीं ग्रामीण महिलाओं को जोर-जोर से चिल्लाकर हत्या की बात कही। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता, सीओ तालबेहट, देवेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूूछताछ की। पुलिस ने मौके से कुल्हाड़ी और लाठी बरामद की है। मृतक के पुत्र अरविंद राजपूत ने बताया कि महिला दुरोबाई कई वर्ष से मानसिक रुप से बीमार चल रही है। पुलिस ने उसके पुत्र की तहरीर पर महिला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
-----------
तीन घंटे तक चिल्लाती रही महिला
महिला ने अपने जेठ की रविवार सुबह चार बजे हत्या की। इसके बाद महिला मौके पर बैठी रही और करीब तीन घंटे बाद पुलिस के अधिकारियों के पहुंचने के बाद भी वह चिल्लाती रही कि हमने ही मारा है। परिजनों के अनुसार महिला परिजनों को भी परेशान करती थी और कई बार मारपीट करने की कोशिश की, जिस पर उसका पति भी उससे अलग रहता था।
----------------
इनका कहना है
ग्राम बरौदास्वामी में रविवार को सुबह महिला ने चचेरे जेठ की कुल्हाड़ी मारकर हत्या की है। महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। महिला मानसिक रुप से बीमार बताई गई है।
- कैप्टन एमएम बेग, पुलिस अधीक्षक, ललितपुर