ललितपुर। प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत महिलाओं के बैंक खाते में दूसरी किस्त के रूप में पांच सौ पहुंच गए हैं। महिलाएं बैंक खाता के अंतिम अंक के अधार पर पीएम जनधन योजना की राशि निकाल सकतीं हैं।
भारत सरकार वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुसार कोरोना महामारी को देखते हुए केंद्र सरकार ने देश में भर में लगभग 28 करोड़ महिलाओं को जनधन खातों में प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत पांच सौ रुपये की दूसरी किस्त बैंक खातों में भेज दी गई है। जिन बैंक खातों का अंतिम अंक 0 या 1 है, उसका भुगतान 4 मई को किया जाएगा। जिनका 2 या 3 है, उसका भुगतान 5 मई को किया जाएगा। जिनका 4 या 5 है, उसका भुगतान 6 मई को किया जाएगा। जिनका अंतिम अंक 6 या 7 है, उसका भुगतान 8 मई को किया जाएगा। जिनका अंतिम अंक 8 या 9 है, उसका भुगतान 11 मई को किया जाएगा।
अग्रणी जिला प्रबंधक एसके श्रीवास्तव ने बताया कि उक्त तिथियों पर महिलाएं अपने जनधन खाते से पैसा निकाल सकती हैं। पैसा जिले की सभी बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों, एटीएम व इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक के माध्यमों से निकाला जा सकता है। पैसे निकालते समय सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन करना अनिवार्य है। इन तिथियों में महिलाओं द्वारा मई माह की क़िस्त 500 रुपये निकले जा सकते हैं। तय तिथियों पर ही महिलाएं बैंक आएं और किसी कारणवश यदि निर्धारित समय पर नहीं आ सकती हैं तो कोशिश करें कि 11 मई के बाद किसी भी कार्यदिवस में बैंक, ग्राहक सेवा केंद्र, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की मोबाइल सेवा पर आकर अपना पैसा निकल सकतीं हैं।