ललितपुर। थाना पूराकलां अंतर्गत ग्राम चौबारा में महिला ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी, जानकारी मिलने पर पूराकलां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के वक्त महिला के बच्चे घर में ही खेल रहे थे।
थाना पूराकलां के अंतर्गत ग्राम चौबारा निवासी पूजा (28) पत्नी कन्हैयालाल कुशवाहा शुक्रवार की शाम को घर में ही थी, उसके दोनों बच्चे भी घर में ही खेल रहे थे, पति घर से कुछ दूर स्थित खेत पर था। इसी दौरान शाम को करीब छह बजे पूजा ने किसी बात से क्षुब्ध होकर कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। यह देख बच्चे रोने लगे और चिल्लाते हुए बाहर की ओर भागे। जिस पर अन्य परिजनों ने आकर देखा तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और वह फांसी के फंदे पर लटक रही थी। परिवारजनों से मिली जानकारी पर खेत में काम कर रहा पति भी भागकर घर पहुंचा और पूजा को फंदे पर तड़पता देख किसी प्रकार दरवाजा तोड़कर नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानकारी मिलने पर पूराकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के एक बेटा व एक बेटी है। उसका विवाह लगभग चार वर्ष पहले हुआ था।
मृतका के पति कन्हैयालाल ने बताया कि पूजा उसे चार वर्ष पहले भोपाल में परेशान अवस्था में भटकते मिली थी, जिस पर उसने उसकी मदद की थी, वह उसके साथ उसके घर आ गई थी और कुछ दिन घर में रहने के बाद परिजनों ने पूजा से उसका विवाह करा दिया था। पूजा ने कभी अपने मायके पक्ष के बारे में कुछ नहीं बताया। अभी वह अपने परिवार व बच्चों के साथ खुशी से रह रही थी। अचानक उसने ऐसा कदम किन कारणों से उठाया इसकी जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।