सिलावन (ललितपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी में प्रसव कक्ष के पास बने प्रसूता महिलाओं के प्रसाधन कक्ष का उपयोग प्रसूता महिलाएं नहीं कर पा रही हैं। ओपीडी के महिला प्रसाधन पर भी हमेशा ताला लटका रहता है, जिससे महिला मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन, स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महरौनी मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने में अक्षम साबित हो रहा है।
यहां तक कि प्रसूता महिलाओं को लघुशंका के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है। प्रसव कक्ष के पास प्रसूता महिलाओं के शंका समाधान के लिए प्रसाधन बना हुआ है, ताकि महिलाओं को ज्यादा दूरी तक चलकर लघुशंका के लिए नहीं जाना पड़े। लेकिन, प्रसाधन कहीं गंदा नहीं हो जाए इसके कारण स्टाफ द्वारा महिलाओं को उसका उपयोग नहीं करने दिया जाता है। इस वजह से प्रसूता महिलाओं को बीस मीटर दूर औषधि भंडार रूम के पास प्रसाधन के लिए जाना पड़ता है। इन हालातों में कई बार महिलाएं हादसे की शिकार भी हो चुकी है। इतना ही नहीं, ओपीडी में बने महिला प्रसाधन कक्ष पर भी हमेशा ताला लटका रहने के कारण महिला मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी होने के बाद भी स्वास्थ्य केंद्र प्रबंधन मूकदर्शक बना हुआ है।