चिरगांव। चिरगांव थाना इलाके में एक महिला की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। इसके लिए पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
चिरगांव के ग्राम औपारा निवासी धीरज केवट की पत्नी भारती देवी (28) पिछले एक सप्ताह से गायब थी। पति उसकी खोजबीन में जुटा हुआ था, लेकिन उसका पता नहीं चल पाया था। रविवार की शाम एक युवक उसे घर छोड़ गया। इसके बाद वह सो गई। लेकिन, सुबह उठी नहीं। महिला की मौत हो गई थी। आसपास के लोगों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जबकि, उसके पति को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया।
घटना के संबंध में चिरगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक तुलसीराम पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से सुबूत इकट्ठे किए हैं। मृतका के पति को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
बता दें कि मृतका के छह साल की बेटी पायल और पांच साल का बेटा वंश है। वह गांव की गोशाला में अपने पति के साथ काम करती थी। वहां काम करने वाले एक अन्य युवक से उसके गहरे संबंध थे। वह शादी में पूड़ी बेलने भी जाया करती थी। महिला के मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस से कहा है कि वह कोई कार्रवाई नहीं चाहते हैं।
0000
लोडर में पहुंचा महिला का शव
सोमवार की दोपहर महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचा। शव को कपड़े से ढककर खुले लोडर में रखकर लाया गया। शव के साथ गांव के ही दो लोग लोडर में सवार थे।