खेत में पेड़ पर लटका मिला महिला का शव
- फोटो : सोशल मीडिया
थाना जखौरा अंतर्गत ग्राम लखनपुरा में भैंस चराने खेत पर गई महिला का शव पत्थर बाड़ी के पास सैस के पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला। जानकारी मिलने पर जखौरा पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम लखनपुरा के मजरा नंदीपुरा निवासी राजकुमारी (40) पत्नी मेघराज यादव मंगलवार को दोपहर में करीब साढ़े बारह बजे गोशाला में अपने पति को खाना देने गई और फिर वहां से लौटकर भैंसें चराने के लिए अपने खेत पर चली गई। वह रोजाना की तरह शाम को करीब छह बजे तक जब घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने पहले तो उसका एक घंटे तक उसका इंतजार किया, लेकिन वह घर नहीं पहुंची तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू कर दी।
खोजबीन की दौरान रात्रि करीब ग्यारह बजे उसका शव उसके खेत की सीमा में लगी पत्थर बाड़ी के दूसरी ओर कैलाश के खेत में सैस के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। यह देख अन्य परिजन व ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। जानकारी मिलने पर जखौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर महिला के फांसी लगाने के कारणों की जांच पड़ताल में जुट गई है।
महिला के पति मेघराज ने बताया कि घर पर सब अच्छा था और न तो घर में कही कोई विवाद हुआ और न ही उसे कोई परेशानी थी, जिसकी वजह से वह फांसी लगा लेती। उसने पत्नी के फांसी लगाने के कारणों के संबंध में अनभिज्ञता जताई। मृतका की तीन बेटियां व एक बेटा है।