कैप्सन - मौके पर जानकारी करते सीओ और तहसीलदार
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत ग्राम असऊपुरा में एक महिला ने घर में रस्सी से फंदा लगा कर जान दे दी। सीओ देवेंद्र सिंह और तहसीलदार श्रीकृष्ण ने मौके का मुआयना किया। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।
तेेरईफाटक पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम असऊपुरा निवासी श्याम लाल अहिरवार के दो पुत्र मनोज व वीर सिंह हैं। दोनों पुत्र अलग-अलग रहते हैं। मंगलवार को वीर सिंह ऊर्फ वीरू मजदूरी के लिए काम पर गया था। घर पर उसकी पत्नी वंदना (22) और आठ माह का पुत्र था। दोपहर में वंदना ने अपने कमरे में लगे पंखे पर रस्सी से फंदा लगाकर फांसी लगा ली। समीप रहने वाले वीर सिंह के भाई के बच्चों ने खिड़की से वंदना का शव देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी। जानकारी के बाद आसपास के लोग और ग्राम प्रधान हरीराम श्रीवास मौके पर पहुंचे।
इसके बाद तेरई फाटक चौकी प्रभारी संदीप सिंह, सीओ देवेंद्र सिंह और तहसीलदार श्रीकृष्ण मौके पर गए। पुलिस ने दरवाजे तोड़कर शव को उतारा। युवती ने आत्मघाती कदम क्यों उठाया है, इसका पता नहीं चल सका। चौकी प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मृतक का मायका ग्राम जमुनिया है। उसके माता- पिता को सूचना दे दी गई है।