संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। महिला ने जिपं सदस्य पर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। परिजनों के साथ पीड़िता सोमवार को घंटाघर पर दोपहर को पेट्रोल से भरी बोतल लेकर धरना पर बैठ गई। आत्मदाह की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता को समझा कर पेट्रोल को कब्जे में ले लिया। इसके बाद कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया दिया।
कोतवाली सदर के मोहल्ला भीमनगर निवासी राधा कुशवाहा अपने परिवारवालों के साथ प्लास्टिक की बोतल में पेट्रोल लेकर घंटाघर पर पहुंची। यहां वह कार्रवाई की मांग करते हुए धरना पर बैठ गई। राधा कुशवाहा ने आरोप लगाया कि ग्राम पनारी स्थित रघुनाथपुरा मार्ग पर उसकी जमीन है। इस जमीन पर जिला पंचायत सदस्य सहित दो लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया है। जब वह अपनी जमीन पर कब्जा हटाने का प्रयास करती है, तो उसे जिपं सदस्य धमकी देते हैं। उसने कई बार शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण से वह परेशान होकर पेट्रोल की बोतल लेकर धरना पर बैठी है। इसकी जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से पेट्रोल से भरी बोतल को छीन लिया। चौकी सदर इंचार्ज प्रशांत राणा ने महिला को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद महिला और उसके परिजनों ने धरना समाप्त हुआ।
वर्जन
महिला और उसके परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त करवाया गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई होगी। सुनील भारद्वाज, सीओ सदर