फुट ओवरब्रिज खोलने की मांग को लेकर रेलवे स्टेशन परिसर मे प्रदर्शन करते लोग
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। शहर के मोहल्ला नेहरूनगर की महिलाओं ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर बने फुटओवर ब्रिज को नेहरू नगरवासियों के लिए खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और रेलवे के अधिकारियों से मिलकर समस्याएं बताईं। एक सप्ताह पूर्व भी मोहल्लावासियों ने समस्या के चलते ब्रिज खोलने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर ज्ञापन भी दिया था।
मोहल्ला नेहरूनगर की महिलाओं ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर एकत्रित होकर प्लेटफार्म एक पर पहुंचकर पहले स्टेशन अधीक्षक से फुटओवर ब्रिज खुलवाने की मांग की। जिस पर वहां उनका ज्ञापन व समस्या को उच्चाधिकारियों को पहुंचाने की बात बताई, लेकिन महिलाएं संतुष्ट नहीं हुईं और इसके बाद बाहर निकलकर नारेबाजी करने लगीं, जिस पर वहां कोतवाली प्रभारी संजय कुमार शुक्ला, जीआरपी व आरपीएफ पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और महिलाओं को समझाकर उच्चाधिकारियों के निर्णय का इंतजार करने को कहा। लेकिन महिलाएं नहीं मानी और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों से मिलकर समस्या रखने की बात कही। महिलाएं एकत्रित होकर करीब पांच सौ मीटर दूर स्थित इंजीनियरिंग विभाग के कार्यालय जा पहुंची, पुलिस भी उनके साथ रही कि कहीं कोई उपद्रव न हो जाए। इंजीनियरिंग विभाग पहुंचकर महिलाओं ने अधिकारियों से अपनी बात रखी और ब्रिज खुलवाने को कहा। जिस पर वहां से भी उच्चाधिकारियों के निर्णय करने और उन तक उनकी बात पहुंचाने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी महिलाएं व उनके साथ मौजूद कुछ लोग वापस लौट गए।
मोहल्ला नेहरूनगर के लोगों की समस्याओं को उच्चाधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और जो भी नियमानुसार होगा, वह किया जाएगा।
- मनोज कुमार सिंह, पीआरओ, रेलवे झांसी।