ललितपुर। 12 वर्ष पूर्व प्रेम विवाह करने वाली महिला अपने नए प्रेमी के साथ घर से भाग गई। सीसीटीवी कैमरे में दोनों के भागने की घटना कैद हुई। पीड़ित पति ने महिला पर घर से भागते समय जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला की खोजबीन शुरू कर दी है। महरौनी कोतवाली क्षेत्र निवासी एक युवक ने बताया कि उसने 12 साल पहले 2013 में कस्बा मड़ावरा निवासी युवती से प्रेम विवाह किया था। पिछले कुछ दिनों से उसकी पत्नी मोबाइल पर किसी से बात करती थी। एक दिन जब उसने उसे मोबाइल पर बात करते हुए पकड़ा और मना किया तो उसकी पत्नी ने उसे पीट दिया था और मोबाइल तोड़ दिया था। 25 नवंबर को वह छोटे भाई की शादी का सामान लेने टीकमगढ़ गया था। उसके पिता दुकान पर थे और पत्नी घर पर अकेली थी। शाम को जब वह घर लौटा तो पत्नी घर पर नहीं मिली। उसके कपड़े, घर में रखे 60 हजार रुपये नकद और जेवरात भी गायब थे।
मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो उसकी पत्नी पड़ोसी युवक के साथ सामान लेकर टैक्सी से जाती हुई दिखाई दी। पीड़ित पति ने महरौनी कोतवाली पुलिस से शिकायत की। कोतवाल राजा दिनेश सिंह ने बताया कि महिला के पति की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और महिला की खोजबीन की जा रही है। संवाद