ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम थनवारा के पास मंगलवार की रात को पति के साथ मायके जा रही महिला की वाहन दुर्घटना में मौत हो गई। जबकि पति घायल है, जिसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
ग्राम बुढ़वार निवासी अनीता (27) पत्नी फूलसिंह की ननद के रिश्ते के लिए लड़का देखने बुधवार को जाना था। अनीता ने अपने पति फूलसिंह से बात की और दोनों मंगलवार की रात मायके वालों को सूचना देने के लिए करीब नौ बजे मोटरसाइकिल से अपने मायके जखौरा के ग्राम तिलैई को रवाना हो गए। अभी वह कोतवाली के ग्राम थनवारा के आगे मोहल्ला रावतयाना के पास पहुंचे थे कि उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और दोनों पति-पत्नी मोटरसाइकिल समेत सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरे, जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, पति बेसुध अवस्था में पड़ा रहा। सुबह होने पर ग्राम थनवारा के कुछ ग्रामीणों ने वहां से निकलते समय दोनों को देखा तो एक ग्रामीण ने उसे पहचान लिया और उनके गांव बुढ़वार में घटना की जानकारी दी। इस पर परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल पड़े फूूलसिंह को जिला अस्पताल में गए, जबकि अनीता की मौत के बारे में कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के तीन पुत्र हैं।