ललितपुर। थाना महरौनी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैंरा में महिला की आग से जलकर मौत हो गई। जानकारी मिलने पर पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम भैंरा निवासी शिवानी (20)पत्नी सतेंद्र लोधी बुधवार को दोपहर में अपने घर पर ही थी, जबकि अन्य परिजन खेत पर फसल की कटाई के लिए गए थे। करीब दो बजे बंद कमरे में अचानक महिला आग से जलने पर चिल्लाने लगी। यह देख मोहल्ले के लोग एकत्रित हो गए और महिला के परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन घर पहुंचे और महिला के शरीर मेंल गी आग किसी प्रकार बुझाकर महरौनी अस्पताल ले गए, जहां से उसे जिला चिकित्सालय भेज दिया गया, लेकिन यहां उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया।
झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाने के दौरान रास्ते में महिला की मौत हो गई। परिजन उसका शव वापस ललितपुर ले आए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्राम प्रधान धनसिंह ने बताया कि महिला की शादी दो वर्ष पूर्व हुई थी और उसका मायका ग्राम दैलवारा भारौन में है। जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए।