ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के राजघाट चौकी अंतर्गत ग्राम मैलार में गोबर फें कने के विवाद में एक महिला की तीन लोगों ने गाली गलौज कर लाठियों से पिटाई कर दी, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्राम मैलार निवासी रानी पत्नी राजकुमार यादव ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 15 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे जब वह अपनी देवरानी राजकुमारी के साथ गोबर फें कने के लिए अपने घूरे पर जा रही थी, तभी गांव के ही दातार सिंह, दारा सिंह, देवेंद्र सिंह और विक्रम सिंह गालियां देने लगे और गोबर फेंकने से मना किया। जिस पर उसने कहा कि वह कई वर्षों से यहां गोबर डाल रही हैं।
इतना सुनते ही उन सभी लोगों ने लाठी डंडों से उसके साथ पिटाई शुरू कर दी। जब उसकी देवरानी उसे बचाने आई तो उसके साथ भी मारपीट कर दी। उनके चिल्लाने पर मोहल्ले वालों ने जब उनको ललकारा तो वह उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। लोगों की पिटाई से उसे कई चोटें आई हैं। कोतवाली पुलिस ने उक्त मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।