ललितपुर। जिले में पड़ रही कड़ाके की सर्दी गरीब किसानों के लिए काल साबित हो रही है। इस समय किसान खेतों में सिंचाई और खड़ी फसल की रखवाली के लिए रात को भी खेतों पर ही समय निकाल रहा हैं। सर्दी के सितम से ग्राम कुआंतला निवासी एक आदिवासी किसान की मौत हो गई।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुआंतला निवासी किसान रामकिशन (52) पुत्र भग्गी सहरिया का शव बुधवार की सुबह खेत पर पड़ा मिला। परिजनों ने बताया कि मृतक किसान मंगलवार की रात करीब आठ बजे घर से खेत पर सिंचाई करने गया था। बुधवार की सुबह छह बजे जब पड़ोस के खेत का मालिक खेत पर गया तो मेड़ पर उसका शव अकड़ी अवस्था में पड़ा था। इस पर सूचना परिजनों की दी गई।
परिजनों और ग्रामीणों की मानें तो मृतक किसान की आर्थिक स्थित काफी खराब थी। किसान क्रेडिट कार्ड पर वह 50 हजार रुपये कर्ज लिए था और साहूकारों से भी 30 हजार रुपए कर्ज लिए था। किसान के पास करीब चार एकड़ जमीन है।
सूचना मिलने पर पहुंचे सदर तहसीलदार अवधेश निगम ने परिजनों के बयान लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। विदित हो कि इससे पहले ग्राम दैलवारा और ग्राम कुआगांव में दो ऐसे मामले आए थे, जिसमें मृृतक के परिजनों ने मृतक की मौत का कारण सर्दी बताया, लेकिन प्रशासन ने इनकी मौतों का कारण सर्दी होने से नकार दिया था।
पोस्टमार्टम के बाद आएगी सही रिपोर्ट
सर्दी से किसान की मौत की खबर सुनकर सदर तहसीलदार अवधेश निगम मृतक के परिजनों के पास पहुंचे और उनके बयान दर्ज किए। मृतक की मौत का सही कारण जानने के लिए उन्होंने परिजनों को मृतक का पोस्टमार्टम कराने की सलाह दी, जिस पर परिजन तैयार हो गए। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही प्रशासन द्वारा अगला कदम उठाया जाएगा।