ललितपुर। विभिन्न समस्याओं को लेकर बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक संघ एक मंच पर आ गए हैं। बुधवार को कंपनी बाग में उन्होंने बैठक कर गैर हाजिर बच्चों की सूचना एसएमएस से लेने की स्कीम को अव्यवहारिक करार दिया। उन्होंने शिक्षकों की अस्थाई संबद्धता समाप्त करने की मांग की।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राजेश लिटौरिया ने कहा कि शिक्षकों से गैर शैक्षणिक कार्य लिए जा रहे हैं। शासनादेश के अनुसार मध्याह्न भोजन और निर्माण कार्य आदि से शिक्षकों को मुक्त रखा जाना चाहिए। यदि मध्याह्न भोजन योजना में शिक्षकों को सह खातेदार रखना आवश्यक है तो शिक्षकों से केवल देखरेख का कार्य ही लिया जाए।
पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नीरज चतुुर्वेदी ने कहा कि अनुपस्थित बच्चों की सूचना एसएमएस लेना अव्यवहारिक है। रविकांत ताम्रकार ने कहा कि अस्थाई संबद्धता का लगातार विरोध होने के बाद भी कई शिक्षकों को कार्यालयों में अटैच किया जा रहा है। उन्होंने फरवरी, मार्च 2013 की अवशेष कंवर्जन कास्ट का तत्काल भुगतान किया जाए। अंत में समस्याओं के निदान नहीं होने की स्थिति में संयुक्त रूप से वृहद आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बैठक में कैलाश नारायण तिवारी, नारायण दास, अरविंद तिवारी, भागचंद्र त्रिपाठी, कमलाकांत राही, अरुण गोस्वामी, बृजेश तिवारी, अंग्रह श्रीवास्तव, अंबरीश विश्वकर्मा, सुरेंद्र पटैरिया, विनय रजक, बनवारी सिंह सेंगर, नीरज भदौरिया, मनोज शर्मा, अनंत तिवारी, अनिल निगम, सुरेंद्र राठौर, संजय सैनी, धीरेंद्र प्रताप सिंह, मुकेश उपस्थित रहे।