ललितपुर। भीषण गर्मी में ट्रेनों का संचालन लेट होने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि बृहस्पतिवार को आने वाली बलिया एक्सप्रेस और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस शुक्रवार की सुबह आएंगी। ऐसे में यात्रियों को सारी रात ट्रेन के इंतजार में जागना पड़ेगा।
मां वैष्णोदेवी कटरा से डॉ. आंबेडकर नगर जाने वाली 12920 मालवा एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय 4.21 बजे से 9.05 घंटे लेट दोपहर 1.23 बजे आई। ट्रेन लेट होने से भोपाल, उज्जैन और इंदौर जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली 22537 कुशीनगर एक्सप्रेस सुबह 6.33 बजे से 7.09 घंटा लेट दोपहर 1.39 आई है। इससे भाेपाल और मुंबई जाने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ा।
विशाखापट्नम से हजरत निजामुद्दीन जाने वाली 12807 समता एक्सप्रेस 6.50 घंटे लेट रही। हुजूर साहेब नांदेड़ से अमृतसर 12715 सचखंड एक्सप्रेस 13 घंटे लेट रही। वहीं, अमृतसर से हुजूर साहिब नांदेड जाने वाली सचखंड एक्सप्रेस 11.52 घंटे रही।
कोरवा से अमृतसर जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 8.22 घंटे लेट रही। इससे आगरा, मथुरा और अमृतसर जाने वाले यात्रियों को ट्रेन का लंबा इंतजार करना पड़ा। इधर, अमृतसर से कोरवा जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस 15.14 घंटे लेट चल रही है। दादर से बलिया जाने वाली बलिया स्पेशल 17.27 घंटे लेट रही। छत्रपति शिवाजी टर्मिनल से अमृतसर जाने वाली अमृतसर एक्सप्रेस 10.33 घंटे, योगनगरी ऋषीकेश से पुरी जाने वाली कलिंग उत्कल एक्सप्रेस 4.45 घंटे, रही। ट्रेनों का आवागमन लेट होने से ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को सारे दिन लू के थपेड़ों के बीच प्लेटफार्म पर इंतजार करना पड़ा।