ललितपुर। जनपद में एफसीआई को इस वर्ष किसानों से गेहूं खरीद का सीधा लक्ष्य प्राप्त न होकर चार वर्ष पूर्व गेहूं खरीद के सापेक्ष खरीद करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में एफसीआई को इस वर्ष साढ़े छह लाख क्विंटल गेहूं खरीद करनी होगी। हालांकि, गत वर्ष एफसीआई ने लक्ष्य के सापेक्ष 1.13 लाख क्विंटल अधिक गेेहूं की खरीद की थी।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी एफसीआई द्वारा जनपद में किसानों से सीधे गेहूं खरीद की जाएगी। इसमें एफसीआई द्वारा गेहूं खरीद का भुगतान किसानों को सीधे उसके खाते में किया जाएगा। एफसीआई द्वारा किसानों द्वारा किसान वही दिखाने के आधार पर गेहूं खरीद की जाएगी। शासन द्वारा इस वर्ष एफसीआई को फिलहाल सीधा लक्ष्य न देकर चार वर्ष पूर्व यानी वर्ष 2012 के सापेक्ष हुई 6.30 लाख क्विंटल गेहूं खरीद करने की तैयारियां करने को कहा है। गत वर्ष एफसीआई को 4.50 लाख क्विंटल गेहूं खरीद का लक्ष्य दिया गया था, इसके सापेक्ष एफसीआई ने 1.13 लाख क्विंटल अधिक यानी 5.63 लाख क्विंटल गेहूं खरीद की थी।
ऐसे में एफसीआई अधिकारी इस वर्ष भी गत वर्ष की भांति गेहूं खरीद होने की संभावना जता रहे हैं, लेकिन लगातार तीन बार से मौसम की मार से किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं। ऐसे में देखना होगा कि इस बार एफसीआई वर्ष 2012 के सापेक्ष कितनी गेहूं खरीद कर पाता है। जिले में गेहूं की खरीद के लिए 75 क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जबकि पिछले वर्ष 72 खरीद केंद्र बनाए गए थ। खरीद केंद्र भले ही खुल गए हों, लेकिन अभी गेहूं की आवक शुरू नहीं हुई है। यह सिलसिला यहां पर 10 अप्रैल के बाद शुरू होता है।