तालबेहट। शासन द्वारा किसानों को उनकी फसल का वाजिब दाम मुहैया कराने के लिए खोले गए कुछ क्रय केन्द्रों पर पहुंचने वाले किसानों ने केंद्र प्रभारियों पर मनमानी का आरोप लगाया है। भुचेरा के क्रय केन्द्र पर भी अनियमितताओं का आरोप लगाया गया है।
शासन द्वारा किसानों को अपनी फसल उचित दाम पर विक्रय करने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर क्रय केन्द्र खोले गए हैं। भुचेरा क्षेत्र के किसानों के लिए भुचेरा में क्रय केन्द्र खोले गए। 24 अप्रैल से तीस अप्रैल तक मात्र एक सप्ताह की खरीद में केन्द्र के गोदाम गेहूं से भर गए। इसके बाद खरीदा गया गेहूं 19 दिन बाद यहां से जिला मुख्यालय जा सका। इसके बाद मई माह में चार दिन की खरीद में केन्द्रों के गोदाम पुन: भर गए।
गोदाम भर जाने के कारण केन्द्र प्रभारी ने गांव के एक प्राइवेट स्थान पर गेहूं की खरीद का काम शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है वहां टोकन के अनुसार खरीद न करके अपने हिसाब से खरीद करके शासन की मंशा पर पानी फेरा जा रहा है। बाद में जैसे ही गोदाम से उठान के लिए वाहन आता है उसी गेहूं का उठान करा दिया जाता है और गोदाम पूर्व की भांति भरे के भरे रहते हैं। इस संबंध में पूर्व प्रधान राममनोहर नायक ने जिलाधिकारी सहित अन्य उच्चाधिकारियों को एक शिकायती पत्र भेजकर केन्द्र पर खरीदे गए गेहूं की जांच कराने एवं दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
-- इस संबंध में अभी जानकारी मिली है। मैं स्वयं जाकर देखूंगा। किसानों का शोषण करने वालों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा।
- अनिल कुमार, उपजिलाधिकारी तालबेहट।
=
- टोकन के अनुसार ही खरीददारी हो रही है। राजनीति के चलते मुझे बदनाम किया जा रहा है।
- धनीराम, केन्द्र प्रभारी भुचेरा