संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर शुक्रवार को मेडिकल कॉलेज के होसला ट्रेनिंग सेंटर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सभी ने तंबाकू से बने उत्पादों का इस्तेमाल न करने की शपथ ली।
मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश आलोक कुमार पाराशर ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए तंबाकू हानिकारक है। समाज को इस बारे में गंभीरता से विचार करना चाहिए। सभी को शपथ दिलाई कि हम आज से किसी भी तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं करेंगे और तंबाकू, धूम्रपान विरोधी महाअभियान को सफल बनाने में पूर्ण निष्ठा के साथ सहयोग करेंगे। हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। प्राचार्य डॉ. डीनाथ ने चिकित्सकों को निर्देशित किया कि मरीजों को तंबाकू उत्पाद के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में जानकारी देकर उन्हें इसे छोड़ने के लिए प्रेरित करें।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इम्तियाज अहमद ने तंबाकू उत्पाद को धीमा जहर बताते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति प्रण ले कि वह स्वयं तंबाकू उत्पाद का सेवन नहीं करेगा। एक व्यक्ति को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित करेगा तो निश्चित ही हम तंबाकू से होने वाली बीमारियों पर रोकथाम लगा सकेंगे। नोडल अधिकारी राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम/अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष अग्निहोत्री ने कोटपा 2003 के बारे में जानकारी दी। इस दौरान अपर जिला जज यशवंत कुमार सरोज, सीएमएस डॉ. मीनाक्षी सिंह, डाॅ. पवन सूद, डाॅ. केके मिश्रा, डाॅ. विशाल जैन, डाॅ. अंबिका प्रसाद दुबे आदि मौजूद रहे।