ग्राम पाचौनी में सड़क पर भरा पानी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। बारिश के मौसम में कई ग्रामीण क्षेत्रों में जल भराव व कीचड़ की समस्या गहरा गई है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। ग्राम सुरउवा में साफ-सफाई को लेकर प्रदर्शन हो चुका है। कई अन्य गांवों में भी समस्या विकट बनी हुई है। इसके बाद भी जिम्मेदार प्रतिनिधि साफ-सफाई व कीचड़ की समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुर्सी में बैठते ही देश भर में स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाया। बीते दिनों गांवों को स्वच्छ रखने के लिए विशेष अभियान चलाया। इसके बाद भी तमाम गांवों में साफ-सफाई की समस्या बनी हुई है। कई गलियों व मुहल्लों में कचरे का अम्बार लगा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी कर्मचारी इस तहर की समस्या पर ध्यान देने को तैयार नहीं हैं। गांवों में फांगिंग तक नहीं कराई जा रही है, जिससे मच्छरों का प्रकोप इस तरह से बढ़ता जा रहा है। आम आदमी कोरोना जैसी
महामारी से भले बच जाए लेकिन मच्छरजनित बीमारियों से जरूर जकड़ जाएंगे। जो शौचालय बनवाए गए हैं, उनमें गंदगी ही गंदगी नजर आती है। कई शौचालय अधूरे पड़े हैं। कीचड़ की वजह से कीड़े भी पनप रहे हैं, जिससे वहां से निकलने में परेशानी हो रही है। ग्राम सुरउवा में लोगों ने साफ-सफाई एवं पुलिया निर्माण को लेकर प्रदर्शन भी किया था।
बारिश के मौसम में जल भराव व कीचड़ होना स्वाभाविक है। यदि कहीं जल भराव की समस्या अधिक है तो वहां पंप सेट चलवाया जाएगा। इस संबंध में ग्राम प्रधानों को निर्देश दिए गए हैं।
- डॉ. अवधेश सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी