ललितपुर। मोहल्ला नेहरू नगर सहित कई मोहल्लों में जल संस्थान जलापूर्ति को सुचारु बनाने में नाकाम साबित हो रहा है। कहीं 15 मिनट तो कहीं आधा घंटे की आपूर्ति हो रही है। कई संयोजनधारी ऐसे भी हैं, जिनके नलों में चार दिनों से पानी की एक बूंद भी नहीं टपक रही है। ऐसे में स्थानीय लोगों को पेयजल समस्या से निजात नहीं मिल पा रही है।
इस समय गर्मी चरम पर है, जिस कारण लोगों के कंठ सूखने लगे हैं। हर आधे घंटे में प्यास लगने का अहसास होने लगता है। इसके बाद भी जल संस्थान शहरवासियों के लिए कंठ तर करने में नाकाम हो रहा है। मोहल्ला पटेल नगर, गोविंद नगर, नेहरू नगर, रैदासपुरा आदि में पेयजल की समस्या बनी हुई है। नेहरू नगर में टंकी पूरी क्षमता से भर रही है, लेकिन उसका पानी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में नहीं पहुंच रहा है। चार दिन से मोहल्ले की कई गलियों में पानी नहीं पहुंचा है।
कहीं नलों से सिर्फ पंद्रह मिनट तो कहीं आधे घंटा ही पानी आ रहा है। कहीं नलों में पानी की जगह हवा निकल रही है। मोटर पंप लगाने पर भी पानी नहीं पकड़ रहा है और कभी कभार मोटर में पानी पकड़ लेती है तो शीघ्र ही मोटर पानी छोड़ देती है, जिससे पानी की समस्या बनी हुई है। सुबह से लेकर रात्रि तक महिलाएं, पुरुष व बच्चे पानी हैंडपंपों से भर रहे हैं। कई लोग अपने बच्चों को बर्तन लेकर हैंडपंपों पर साथ लेकर पहुंचते हैं, वे अपने बच्चों को अकेला घर नहीं छोड़ पा रहे हैं।
मोहल्लेवासी अपने हाथों में पानी के खाली डिब्बा लेकर, कोई साइकिल पर डिब्बा टांगकर, कोई हाथ ठेला पर कुप्पा रखकर, कोई टैक्सियों में डिब्बा रखकर तो कोई सिर पर बर्तन रखकर तपती लाल धूप में कोई आधा किलोमीटर से तो कोई एक किलोमीटर दूर से पानी भरकर ला रहे हैं, जिससे पानी भरने के लिये हैंडपंपों पर भारी भीड़ लगी रहती है। इस तरह नेहरू नगरवासियों का पूरा समय दिनभर पानी भरने में निकल जाता है।
----
चार दिन से नेहरू नगर की पेयजल आपूर्ति पूरी तरह से गड़बड़ा हुई है, जिससे नेहरू नगर की गलियों में पानी की जबरदस्त त्राहि-त्राहि मची हुई है। पानी भरने के लिये नेहरूनगरवासियों को सुबह चार बजे से उठना पड़ता है। कई बार नलों से पानी की एक बूंद भी नहीं टपकती है।
- मंजू
नेहरू नगर की पेयजल समस्या के मामले में जल संस्थान के कर्मी लापरवाही बरत रहे हैं। पानी की सप्लाई को सुचारू बनाने के नाम पर कर्मियों द्वारा खानापूर्ति की जा रही है। इसका अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि हैंडपंपों पर पानी भरने के लिये दिन भर भीड़ लगी रहती है।
- कविता
जल संस्थान द्वारा की जा रही पानी की कम सप्लाई से नेहरू नगर के वाशिंदों को परेशान होना पड़ता है। कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा है।
- सुरजीत ठाकुर
जल संस्थान के अफसर अभी तक यह पता नहीं लगा सके हैं कि आपूर्ति में कहां समस्या आ रही है? जिसका खामियाजा मोहल्लेवासियों को परेशान होकर भुगतना पड़ रहा है।
- आशीष
जलसंस्थान व समाजसेवियों ने टैंकर से समस्याग्रस्त क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति शुरू की है, लेकिन टैंकर की आपूर्ति भी लोगों के लिए कम पड़ जा रही है।
- बृजकिशोर
जल संस्थान को गर्मी के सीजन में जलापूर्ति को दुरुस्त करने की जरूरत है। इस समय हर व्यक्ति के कंठ कुछ घंटों में सूखने लगते हैं। वहीं, बार-बार हाथ धोने के लिए भी पानी चाहिए।
- कमलेश कुशवाहा
पानी की टंकी पूरी क्षमता से भर रही हैं। कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में समस्या है। इसका समाधान करने के लिए मौके का निरीक्षण किया जाएगा।
- संजीव कुमार, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान
नेहरू नगर में साइकिल पर पानी के डिब्बे टांग कर पानी ढोता बुजुर्ग- फोटो : LALITPUR
गांधी नगर में पारस मनया जैन अपने घर से मोहल्ला वासियों को दे रहे पानी- फोटो : LALITPUR