ललितपुर। आजादपुरा में डैम रोड पर पाइप लाइन बिछाने के लिए फिर से सड़कें खोदी जा रही हैं। इसके चलते डैम रोड पर कई जगह पाइप लाइन लीकेज हो गई है। इससे न केवल राहगीरों को परेशान होना पड़ रहा है बल्कि पानी भी बर्बाद हो रहा है।
शहर के मोहल्ला आजादपुरा में जल निगम द्वारा पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इसके चलते खोदाई के दौरान जलसंस्थान की पाइपलाइन लीकेज हो गई। इससे सड़कों पर पानी फैल रहा है। वहीं आजादपुरा क्षेत्र, राजपूत कॉलोनी समेत आसपास के क्षेत्रों में नलों से भी मटमैले व गंदे पानी की सप्लाई हुई। वहीं सड़कों पर पानी फैलने से राहगीरों को परेशान होना पड़ा। साथ ही लीकेज की वजह से सड़क पर गड्ढे भी हो गए हैं। आजादपुरा से वर्णी चौराहा की ओर भी पाइप लाइन की खोदाई के दौरान लीकेज हो जाने से खोदाई में भी परेशानी बढ़ गई।
फोटो-41
पाइपलाइन की खोदाई के दौरान हुआ लीकेज
आजादपुरा तिराहा से वर्णी कॉलेज मार्ग की ओर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई की गई और इसी दौरान पुरानी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से लीकेज हो गई। इससे यहां गड्ढों में पानी भर गया। इससे खोदाई भी प्रभावित रही।
-
फोटो-42
आजादपुरा से डैम रोड पर पुराना बिजली अधीक्षण अभियंता कार्यालय के पास पाइपलाइन की खोदाई के दौरान लीकेज हो गया। इससे पूरी सड़क पर पानी भर गया और यहां से निकलने वाली राहगीरों को परेशान होना पड़ रहा है। बड़े वाहनों के तेजी से निकलने से कई राहगीरों पर कीचड़ उछलने से उनके कपड़े खराब हो रहे हैं।
-
फोटो-43
सड़क पर गड्ढों ने बढ़ाई परेशानी
ब्लॉक जखौरा संशाधन केंद्र के सामने चर्च रोड पर मुख्य सड़क पर ही गड्ढे हो गए हैं। इससे यहां से निकलने वाले छोटे-बड़े सभी वाहनों को गड्ढों से होकर निकलना पड़ रहा है। इससे यहां अधिक धूल भी हो गई है और लोग धूल की वजह से बीमार भी हो रहे हैं।
डैम रोड पर पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदाई के दौरान कुछ जगह लीकेज हुआ था, जिस पर जलनिगम द्वारा लीकेज को सही कराया गया है। यदि कहीं पाइपलाइन लीकेज ठीक नहीं की गई है, तो उसकी जांच कर सही करवाया जाएगा।
-मुंशीलाल, अधिशासी अभियंता, जल संस्थान।