ललितपुर। महरौनी क्षेत्र में भारी बारिश होने से उपकेंद्र में पानी भर गया। 33 केवी लाइन बंद होने से नगर सहित आठ फीडरों से जुड़े करीब 40 हजार घरों की बिजली सुबह चार बजे से गुल हो गई। देर शाम तक सप्लाई बहाल न होने से लोग परेशान रहे।
बृहस्पतिवार की देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश का पानी महरौनी-नाराहट रोड स्थित 33 केवी उपकेंद्र में भर गया। शुक्रवार तड़के महरौनी 33 केवी उपकेंद्र में जलभराव हो गया। यह देखते ही सब स्टेशन की 33 केवी लाइन की आपूर्ति बंद कर दी गई। विद्युत अभियंता मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की मदद से पानी को बाहर निकालना शुरू किया, लेकिन लगातार बारिश होने से पानी खाली होने में दिक्कत आ रही थी।
सुबह उपकेंद्र की दीवार में छेद कर पानी बाहर निकालना शुरू किया। वहीं, जेसीबी मंगाकर उपकेंद्र के बाहर बड़ी नाली की खुदाई कराकर पानी को दोपहर तक बाहर निकाला जा सका। पानी भरने से महरौनी बिजली उपकेंद्र में स्थापित विभिन्न फीडरों की मशीनों में नमी आ गई, इससे फाल्ट होने का खतरा बढ़ गया। पास में ही स्थित 132 केवी पारेषण उपकेंद्र से अलग केबल डालकर हैलोजन लाइटें की हीट से उपकेंद्र की वीसीबी मशीनों की नमी को दूर किया गया। साथ ही वैक्यूम प्रेशर मशीन से भी हवा का प्रेशर दिया गया, ताकि मशीनों की नमी और धूल आदि की समस्या का निस्तारण हो सके। देर शाम तक अभियंता बिजली सुचारु करने का प्रयास करते रहे।
-
इन फीडरों की बिजली रही 13 घंटे तक ठप
महरौनी उपकेंद्र पर स्थापित फीडर पुरानी महरौनी, महरौनी, सिलावन, सैदपुर, गढ़ौली-बुदनी, सुनवाहा, पठा, क्योलारी और दाल मिल फीडर की बिजली सुबह चार बजे ठप हो गई थी, जिसे शाम पांच बजे तक सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा था। इन फीडरों के अंतर्गत आधा सैकड़ा से अधिक गांव आते हैं, जिनमें नगर क्षेत्र सहित करीब 40 हजार की आबादी दिनभर बिजली गुल रहने से परेशान रही।