- 4.20 करोड़ का राजस्व है बकाया
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जल संस्थान के बकाएदारों के लिए राहत भरी खबर है। एकमुश्त जमा करने पर सरचार्ज पर 100 फीसदी छूट मिलेगी। इसके लिए विभाग विभिन्न मोहल्लों में शिविर लगाकर वसूली करेगा। एक दिसंबर से एक मुश्त समाधान योजना चलाई जा रही है। इसमें उपभोक्ता आवेदन देकर योजना का लाभ ले सकेंगे।
नगर के विभिन्न मोहल्लों में जल संस्थान के 20185 उपभोक्ता हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार लगभग 4.20 करोड़ का राजस्व बकाया बना हुआ है। शासन ने जल संस्थान के बकाया राजस्व की रिकवरी के लिए एक मुश्त समाधान योजना चलाई गई है। इसमें एक बार में संपूर्ण बकाया राशि जमा करने पर सरचार्ज पर 100 फीसदी की छूट दी गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि प्रत्येक वार्ड में शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। साथ ही, लोगों को जागरूक भी किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक राजस्व की रिकवरी की जा सके।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता मुंशीलाल ने बताया कि बकाया राजस्व की रिकवरी के लिए एक मुश्त समाधान योजना चलाई जा रही है। इसमें अधिक से अधिक उपभोक्ता आवेदन देकर लाभ उठाएं।