महरौनी। कस्बे में जहां लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है और जल संस्थान कुछ देर के लिए ही पानी की आपूर्ति कर रहा है। वहीं, कस्बा में बिछी पाइपलाइन में लीकेज होने से हजारों लीटर पानी रोज बर्बाद हो रहा है।
कस्बा महरौनी में पेयजल आपूर्ति के लिए जल संस्थान ने मोहल्लों में पाइपलाइन बिछाकर घरों में नलों का कनेक्शन दिया हुआ है। लेकिन ललितपुर रोड पर जैन मंदिर के पास निकली पाइप लाइन में पिछले कई दिनों से लीकेज होने से हजारों लीटर पानी रोज सड़क पर बर्बाद हो रहा है। जबकि नगर के लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। लुहारयाना मोहल्ला के लोगों ने बताया कि पेयजल की आपूर्ति के लिए उनके नलों से कुछ समय के लिए ही पानी आता है। इससे उनको जरूरत का भी पानी नहीं मिल पा रहा है। जबकि टूटी पाइपलाइन से सड़क पर पानी बहकर बर्बाद हो रहा है। लोगों ने पाइपलाइन लीकेज को सही कराने की मांग की है।