महरौनी विधायक मनोहर लाल पंथ उर्फ मन्नू कोरी के सूबे में श्रम सेवा राज्यमंत्री बनते ही वार्ड नंबर आठ सिविल लाइन प्रथम शहर का वीवीआईपी क्षेत्र हो गया है। लेकिन, वार्ड के हाल जस के तस हैं। यहां के लोगों को आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यहां तक कि उचित साफ-सफाई नहीं होने से क्षेत्रवासी परेशान हैं। मंत्री आवास के आसपास ही गंदगी पसरी है और नालियां बजबजा रही हैं।
वार्ड नंबर आठ सिविल लाइन प्रथम स्टेशन से लेकर वर्णी कालेज चौराहा, चांदमारी, वसुंधरा कालोनी, बैंक कालोनी व आईटीआई रोड के आसपास का हिस्सा आता है। जिला पंचायत कार्यालय से होकर चांदमारी की ओर प्रवेश करते ही वार्ड में गंदगी होने का अहसास होने लगता है। चंद कदम की दूरी पर नाली बजबजा रही है। थोड़ा आगे बढ़ते ही शिव मंदिर के पास मंत्री मनोहरलाल पंथ का आवास आ जाता है। मंत्री आवास के बाई ओर कच्चा मार्ग है। सड़क के एक ओर नाला गंदगी से बजबजा रहा है तो दूसरी ओर कच्ची नाली का पानी यहां-वहां बह रहा है। मंत्री आवास के दायी ओर चंद कदम की दूरी पर चांदमारी का खाली स्थान पड़ा है। जिस पर एक कूड़ा का कंटेनर रखा है। इसके आसपास पालिथीन एवं गंदगी हवा के साथ उड़ रही है।
सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयराम सिंह यादव का कहना है कि चांदमारी की गंदगी से सभी परेशान हैं। बैंक कालोनी में रहने वाले एलआईसी अफसर अशोक कुमार स्वर्णकार का भी ऐसा ही कहना है। शिक्षक आलोक स्वामी का कहना है कि पाइप पेयजल का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बोर का पानी पीना पड़ रहा है। इसका पानी इतना खराब हो गया है कि डाक्टरों ने इस पानी को नही पीने की सलाह दी है। शिक्षक शुभांशु अवस्थी का कहना है कि दूषित पानी की निकासी के उचित इंतजाम नहीं हैं। शिक्षक आदर्श रावत के घर के पास नाली का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त पड़ा है, साथ ही सीसी रोड भी जगह-जगह उखड़ने लगा है। बसुंधरा कालोनी में हैंडपंपों से पानी काफी कम निकल रहा है। यहां के लोग टैंकर के पानी से कंठ तर कर रहे हैं। अर्ची इंटरप्राइजेज के सामने सीसी रोड पर गोबर का डंप व उपले रखे हुए हैं। इससे थोड़े आगे नाले का गंदा पानी बीच सड़क पर बह रहा है। वहीं, जगह-जगह कच्चे एवं ऊबड़-खाबड़ मार्ग हैं।
फोटो 7
कैप्सन अशोक कुमार पंथ
बसुंधरा कालोनी में तीन साल के अंदर करीब तीन सौ से लेकर चार सौ नए मकान बन गए हैं। जहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। यहां की पेयजल समस्या के समाधान के लिए प्रयास किया जा रहा है। 15 दिन पहले जल निगम के सहायक अभियंता ने क्षेत्र का सर्वे किया था। वार्ड में कई जगह पाइप लाइन और डीप बोर की आवश्यकता है। अधिकतर हैंडपंपों ने पानी छोड़ दिया है। ऐसे में पानी के टैंकर बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। उन्होंने सफाई एवं मार्ग प्रकाश व्यवस्था पर संतोष जाहिर किया।
अशोक कुमार पंथ, पार्षद
शिव मंदिर के पीछे से गोदाम तक रोड और चांदमारी में जलापूर्ति के लिए टंकी की जरूरत है। क्षेत्रीय पार्षद वार्ड का विकास कराने में जुटे हुए हैं। उन्होंने सफाई व्यवस्था को ठीक बताया।
चंद्रशेखर पंथ
श्रम सेवा राज्यमंत्री के पुत्र
घर के आसपास पक्का मार्ग व नालियां नहीं हैं। एक टेलीकॉम कंपनी मार्ग को और भी खराब कर दिया है। बीते माहों में सड़क के दोनों ओर फोरजी के पाइप लाइन डाली थी। जिससे सड़क पर धूल उड़ रही है।
पवन कौशिक
बैंक कालोनी में खाली प्लाट और नालियों की गंदगी साफ नहीं की जा रही है। इससे घरों के दरवाजे खोलने में कई बार सोचना पड़ता है। ज्ञानदीप ग्रुप कालेज के पास भी गंदगी फैली हुई है। विद्युत पोल नंबर 3330 के पास सड़क ऊबड़ खाबड़ बनी हुई है।
आदेश सक्सेना
घर के आसपास पानी की बहुत समस्या है। दो-तीन दिन में एकाध बार ही झाड़ू लगाई जाती है। इससे मच्छरों का प्रकोप बना हुआ है। मच्छरमार क्वाइल व लिक्विड काम नहीं कर रहा है। फागिंग के नाम पर औपचारिकता हो रही है। उन्होंने दवा का छिड़काव कराने की मांग की है।
संध्या तिवारी
सफाई कर्मचारी कभी कभार आते हैं। जिस कारण उन्हें ही नाली की सफाई करनी पड़ती है। बीते महीने नाली चोक हो गई थी जिसे निजी पैसा खर्च करके पानी के निकासी योग्य बनवाया। उन्होंने साफ सफाई पर देने की मांग की है।
ओपी बिरथरे, प्रख्यात चित्रकार