ललितपुर। शहर में संविदा स्वास्थ्यकर्मी की मौत के बाद आई कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट के बाद लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट का बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है। पर अब तक किसी की रिपोर्ट नहीं आई है। मंगलवार को शहर में रिपोर्ट को लेकर लोग एक - दूसरे से जानकारी के लिए फोन घुमाते रहे। स्वास्थ्य विभाग ने बाहर से आए व स्वास्थ्य कर्मी समेत 71 सैंपल जांच को भेजे हैं। वहीं दूसरी ओर एक वृद्ध का शव भी रिपोर्ट के इंतजार में अंतिम संस्कार के लिए रुका है। इस वृद्ध की बीमारी से मौत हुई थी। लेकिन लोगों ने आपत्ति जताई तो पुलिस ने शव का अंतिम संस्कार होने से रोक दिया और उसकी कोरोना रिपोर्ट जांच को भेज दी।
शहर में एक स्वास्थ्य कर्मी की मौत और कोरोना की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मृतक के 11 परिजनों को चिह्नित किया गया था, जिनके सैंपल लेकर ग्राम रौंड़ा में क्वारंटीन किया गया है। संक्रमित व्यक्ति जिला अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में भर्ती रहा था। स्वास्थ्य कर्मी होने के नाते वह विभागीय कर्मियों से मिलता जुलता रहा। इनकी जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विभागीय कर्मियों की हिस्ट्री निकालकर 36 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए। कुल 90 सैंपल भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट के लिए शहरवासियों में इंतजार है। मंगलवार को लोग एक दूसरे से रिपोर्ट आने की जानकारी करते रहे। हालांकि, रिपोर्ट देर रात तक नहीं आ सकी थी।
उधर, मंगलवार को शहर के तालाबपुरा मोहल्ले में एक वृद्ध की मौत हो गई थी, मोहल्लेवासियों की मांग पर जिला प्रशासन ने मृतक का सैंपल लेकर जांच को भेजा है। शव को मॉर्चरी में रखवाया गया है, लेकिन मंगलवार भी मृतक की रिपोर्ट नहीं आई। इससे शव को कोरोना रिपोर्ट आने का इंतजार है।
199 सैंपलों की नहीं आई जांच
कोरोना संक्रमण से व्यक्ति की मौत के बाद से जिलें से सैंपलों की संख्या बढ़ गई है। जहां रविवार को 90 सैंपल भेजे गए। सोमवार को 68 सैंपल भेजे गए। इसी तरह मंगलवार को भी 71 सैंपल जांच को भेजे गए हैं। इनमें 35 लोगों को मेडिकल क्वारंटीन किया गया शेष को होम क्वारंटीन किया गया है।
झांसी में सैंपलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इससे रिपोर्ट आने में समय लग रहा है। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई हो सकेगी।
- डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी