कलेक्ट्रेट में कोर कमेटी की बैठक में निर्देश देते जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। जिलाधिकारी योगेश कुमार शुक्ल ने कोविड-19 कोर कमेटी की बैठक में डोर टू डोर सर्विलेंस एवं निजी अस्पतालों के बायोमेडिकल कचरा प्रबंधन की समीक्षा की। उन्होंने अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि नगर पालिका के सफाई कर्मी किसी भी दशा में प्राइवेट अस्पतालों के बायोमेडिकल कचरे को नहीं उठाएं। प्राइवेट अस्पताल अपने बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण की व्यवस्था स्वयं करेंगे।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रताप सिंह को निर्देश दिया कि निजी अस्पतालों से निकलने वाले बायोमेडिकल कचरे के निस्तारण की औचक जांच करें। डोर टू डोर सर्विलांस की समीक्षा के दौरान शहरी क्षेत्र में सर्वेलांस टीम द्वारा अच्छा काम नहीं करने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और कहा कि शहरी क्षेत्र में जो कर्मचारी लापरवाही कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। सभी मोहल्लों में टीम लगाकर सर्विलांस तथा सर्वे टीम की निगरानी करने तथा उन्होंने कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों को समय पर उत्तम और गुणवत्ता युक्त सुपाच्य भोजन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिए।